संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर में सोमवार रात एक लोहा व्यापारी से 72 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में व्यापारी की पूर्व महिला कर्मचारी और ड्राइवर पर इस वारदात की साजिश रचने का आरोप है।
ललित मित्तल नामक 60 वर्षीय व्यापारी अपनी कार से घर जा रहे थे। 120 फीट रोड पर पांच बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका। हमलावरों ने लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़े और उन पर हमला किया। बदमाशों ने कार में रखा 72 लाख रुपये नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर भाग निकले थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनका पीछा किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लूट की इस वारदात के पीछे व्यापारी की पूर्व महिला कर्मचारी और ड्राइवर सनी की भूमिका है। आरोप है कि उन्होंने व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी थी। उन्होंने व्यापारी के निकलने के समय और नकदी की जानकारी जुटाई। इसी रेकी के आधार पर लूट की योजना बनाई गई थी। पुलिस लूटी गई नकदी की बरामदगी का भी प्रयास कर रही है।