डीसी दफ्तर के बाहर दिया धरना
लाल झंडा पंजाब भट्ठा लेबर यूनियन ने सरकार के खिलाफ जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। लाल झंडा पंजाब भट्टा लेबर यूनियन ने शुक्रवार को प्रबंधकीय कांप्लेक्स के सामने पुडा ग्राउंड रैली की। इसके बाद डीसी दफ्तर के बाहर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने मांगों की अनदेखी करने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर भड़ास निकाली।
यूनियन के जनरल सचिव शिव कुमार ने कहा कि भट्टा मजदूरों की विभिन्न विभागों को मांग पत्र जारी किया गया था। प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिव कुमार ने कहा कि लेबर कमीशन से मिनिमम वेज का नोटिफिकेशन जारी न होने के कारण नए रेट लागू करने संबंधी भट्ठा मालिकों से बातचीत के लिए 2 मई की तारीख रखी गई है। इसके अलावा भट्टों पर शौचालय, बिजली, साफ पानी और पक्के क्वार्टरों के प्रबंध के लिए और मजदूरों से पांच हजार रुपये बिजली बिल वसूलने के मामले की एसडीएम पठानकोट के साथ यूनियन की मीटिंग 29 अप्रैल को होगी।
सीटीयू पंजाब के जनरल सेक्रेटरी नत्था सिंह ने कहा कि सरकार मजदूरों को पहले ही बहुत कम मेहनताना देती है और ऊपर से समय पर नोटिफिकेशन भी जारी न होने करके मजदूरों का आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने लेबर कमिश्नर पंजाब से मिनिमम वेज नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की। साथ ही भट्टा मजदूरों के संघर्ष को हर तरह का सहयोग देने का ऐलान किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि मांगों और पेश आ रही मुश्किलों को समय पर हल न किया तो मजबूरन भट्ठा मजदूर अनिश्चित समय की हड़ताल करेंगे। इस मौके पर मनहरन, मास्टर प्रेम सागर, कामरेड नंद लाल,जय कुमार, महेश्वर, हँसराज, विदेशी राम, दलेशवर, संतोष कुमार मौजूद थे।