चलती ट्रेन में चढ़ रहा किसान गिरा, दोनों टांगें कटी
एंबुलेंस के आने में देरी हुई तो पुलिस मुलाजिमों ने घायल व्यक्ति को छोटे हाथी से पहुंचाया अस्पताल
कटी हुई दोनों टांगों को लिफाफे में डालकर अस्पताल ले जाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। सिटी रेलवे स्टेशन पर शनिवार को चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे किसान की दोनों टांगें ट्रेन के नीचे आने से कट गई। वहीं एंबुलेंस के आने में देर हुई तो पुलिस मुलाजिमों ने घायल व्यक्ति औैर उसकी कटी हुई दोनों टांगों को प्लास्टिक के लिफाफे में डालकर छोटे हाथी से सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जीआरपी के एएसआई हीरा सिंह ने कहा कि इंद्रजीत सिक्का निवासी पारस कालोनी बस्ती बावा खेल को अपने साढू से मिलने लुधियाना जाना था। प्लेटफार्म नंबर दो से चल चुकी पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की तो वह गिर पड़ा और ट्रेन के नीचे आने से उसकी दोनों टांगें घुटनों के ऊपर से कट गई। इस हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। वहीं हादसे के बाद घायल को ले जाने के लिए किसी एंबुलेंस का प्रबंध नहीं हो सका। एंबुलेंस के आने में देरी हुई तो पुलिस मुलाजिमों ने घायल व्यक्ति औैर उसकी कटी हुई दोनों टांगों को प्लास्टिक के लिफाफे में डालकर छोटे हाथी से सिविल अस्पताल पहुंचाया और फिर वहां से निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। घायल की हालात गंभीर बनी हुई है। एएसआई हीरा सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने घायल के परिवार को सूचना दे दी है। घायल के रिश्तेदार शामलाल ने कहा कि इंद्रजीत सिक्का का खेतीबाड़ी का काम है। इस घटना के बारे में उसके आस्ट्रेलिया में रहने वाले बेटे मिक्की सिक्का को भी दे दी गई। वह घर आ रहा है।