जीएसटी भवन के बाहर प्रदर्शन
रबड़ फुटवेयर मैन्युफैक्चर एसोसिएशन ने की नारेबाजी
इंडस्ट्री का 70 करोड़ रुपये रिफंड सरकार के पास फंसा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। राज्य सरकार से जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) का रिफंड न मिलने के कारण रबड़ फुटवेयर मैन्युफैक्चर एसोसिएशन ने जीएसटी भवन में धरना प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने जल्द रिफंड न मिलने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है।
प्रधान नीरज अरोड़ा ने बताया पिछला वैट और अब जीएसटी रिफंड न मिलने के कारण रबड़ इंडस्ट्री बहुत ही खस्ता हालात में पहुंच चुकी हैं। तकरीबन 70 करोड़ रुपये का रिफंड सरकार के पास फंसा हैं। इसमें से 30 करोड़ की फाइलें तो पास होकर सरकार के खजाने में भी जा चुकी हैं। पंजाब सरकार ने करीब ढाई महीने से कोई भी रुपया वापिस नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से कारोबारियों को दिया हुआ रुपया राज्य सरकार खर्चे कर रही हैं। कारोबारियों की फैक्ट्रियां बंद होने पर आ गई हैं।
एसोसिएशन कई बार वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल, स्थानीय विधायकों और सांसद संतोख सिंह चौधरी से मिल चुके हैं। इसके बाद भी अभी तक कोई लाभ नहीं हुआ। इससे रबड़ इंडस्ट्री में फंड की बहुत कमी हो गई हैं। व्यापारी वर्ग पूरी तरह से परेशान हैं। इस वजह से सभी मेंबरों ने जीएसटी भवन के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनका रुपया जल्द वापिस न आया तो भूख हड़ताल करेंगे। इस मौके पर महासचिव कमिल पुंछी, चेयरमैन बी ज्योति, पुर्ण चंद बजाज, दविंदर घई, मानिक गुलाटी, रमन जुल्का, राजिंदर अरोड़ा, इंदरप्रीत सिंह भाटिया, शिव जुलका, अजय जैन, गौरव अग्रवाल, कश्मीरी लाल विज, नितिन मागो मौजूद थे।