ट्रक-ट्राला और बस की भिड़ंत, 12 घायल
चालक, कंडक्टर फरीदकोट और एक शिक्षिका बठिंडा रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
कोटकपूरा-मुक्तसर रोड पर ट्रक-ट्राला और पनबस की आमने-सामने हुई भिड़ंत में 12 यात्री घायल हो गए। गंभीर घायल चालक व कंडक्टर को फरीदकोट और एक अध्यापिका को बठिंडा रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार कोटकपूरा से मुक्तसर की ओर आ रही पनबस जब भाई महां सिंह कॉलेज के पास पहुंची तो इसकी टक्कर सामने से आ रहे ट्रक-ट्राले से हो गई। हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत कुल 12 यात्री घायल हो गए। घायलों में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। गंभीर बस चालक अबोहर निवासी गुरविंदर सिंह और कंडक्टर नरिंदर सिंह को फरीदकोट रेफर कर दिया गया। सरकारी स्कूल खोखर की लेक्चरर करनजीत कौर को बठिंडा रेफर किया गया है। इसके अलावा मलोट निवासी वीरपाल कौर व राम निवास व मुक्तसर निवासी राम सिंह सरकारी अस्पताल और शिक्षिका पूनम, प्रोमिला, परमजीत कौर, नपिंदरपाल कौर, लोकेश कुमार कोटकपूरा रोड स्थित निजी अस्पातल में दाखिल हैं। एक यात्री रीतू को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह टक्कर बस का अचानक टायर फट जाने से हुई। थाना सदर इंचार्ज पैरीविंकल ग्रेवाल ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक-ट्राला का चालक फरार है। इसके अलावा नार्थन कंपनी की एक बस गांव रूपाणा के पास पलट गई थी। मगर इस हादसे में बचाव हो गया।