तेजी पकड़ने लगी गेहूं की बिजाई
23 से 25 डिग्री के बीच का तापमान बिजाई के अनुकूल
ब्लाक जलालाबाद में 40 हजार हेक्टेयर में होगी बिजाई: कृषि अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)।
धुंध पड़ने के साथ ही गेहूं की बिजाई का काम तेजी पकड़ने लगा है। अब तक ब्लाक जलालाबाद में 10 प्रतिशत किसानों ने गेहूं की बिजाई कर ली है और करीब 40 हजार हेक्टेयर पर बिजाई होनी है।
जानकारी अनुसार पीआर-11 तथा बासतमी 1121 की कटाई के बाद किसान गेहूं की बिजाई में जुट गए हैं। धुंध बिजाई के लिए अनुकूल मानी जा रही है। मौसम में नमी होने के कारण औसतन तापमान 23 से 25 डिग्री गेहूं की बिजाई के अनुकूल माना जा रहा है। तापमान भी यहीं पर टिका हुआ है। ब्लाक कृषि अधिकारी सरवन सिंह कहा कहना है कि किसानों को चाहिए कि वह 15 से 25 नवंबर के बीच गेहूं की बिजाई का काम पूरा कर लें। इससे न केवल जमाव अच्छा होगा, बल्कि इस अवधि में बिजाई से बेहतर पैदावार मिल सकेगी। एचडी 3086, 2967, पीडब्लयू 725,677,343,550 गेहूं की वैरायटी बिजाई के लिए उपयुक्त है।
ब्लाक कृषि अधिकारी ने बताया किसान नवंबर में गेहूं की बिजाई का काम पूरा नहीं कर पाते हैं तो दिसंबर में गेहूं पीबीडब्लयू 550 तथा 590 किस्म की बिजाई करनी चाहिए। देरी से गेहूं की बिजाई के लिए यहीं बीज उपयुक्त हैं। ब्लाक जलालाबाद में 40 हजार हेक्टेयर पर गेहूं की बिजाई किी जानी है। कृषि विशेषज्ञ डा. राकेश उतरेजा का कहना है कि किसानों को गेहूं की बिजाई में देरी नहीं करनी चाहिए।
आलू की खेती से किनारा कर रहे हैं किसान
पिछले सीजन के दौरान आलू की खेती करने वाले किसान जसबीर सिंह का कहना है कि फसली विभिन्नता को लेकर उन्होंने आलू की बिजाई की थी। आलू की बिजाई में खर्च 25 से 30 हजार रुपएये प्रति एकड़ के हिसाब आ जाता है। पिछली बार फसल पर खर्च भी बड़ी मुश्किल पूरा हुआ था। इसके मुकाबले गेहूं 25 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुनाफा दे जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार वह सिर्फ 1 एकड़ ही आलू की बिजाई कर रहे हैं और इसी तरह अन्य किसानों ने भी आलू की खेती का रकबा आधे से भी कम किया है।