शहर में धड़ल्ले से चल रही ट्रैक्टर-ट्रालियां
किशोरी की मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन
लोक इंसाफी पार्टी के जिला प्रधान ने ट्रैफिक पुलिस के काम की खोली पोल
एसीपी ट्रैफिक बोले-पहले अदालत के निर्देश दो, फिर करेंगे कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। लड़की की ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आने से मौत के बाद भी कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस नींद से नहीं जागी है। शहर में बिना रोक-टोक के ट्रैक्टर-ट्रालियां चल रही हैं।
जानकारी के अनुसार दोआबा चौक पर रविवार को 15 साल की एक स्कूल स्टूडेंट जसलीन कौर को ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया था। ट्राली का टायर उसके पेट के ऊपर से निकल गया था। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में स्कूल स्टूडेंट की हुई मौत के बाद सोमवार को लोक इंसाफ पार्टी ने ट्रैक्टर-ट्राली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी के जिला प्रधान जसवीर सिंह बग्गा ने ढेर सारी खड़ी ट्रालियों के पास लगे पुलिस नाके की भी पोल खोली। उन्होंने कहा कि इन सभी अवैध-ट्रालियों के बिल्कुल पास ही पुलिस नाका लगा हुआ था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जसवीर सिंह बग्गा ने पुलिस की इस कार्रवाई को सोशल मीडिया पर लाइव भी किया और दिखाया कि ट्रैफिक पुलिस अपने ड्यूटी निभाने में कितनी लापरवाह है। इस समस्या पर जब एसीपी ट्रैफिक वैभव सहगल से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि पहले ट्रैक्टर-ट्रालियों के खिलाफ अदालत के निर्देश दो फिर कार्रवाई करेंगे। उनको अदालत के आदेशों की कोई जानकारी नहीं है। वह इस मामले की जांच करने के बाद सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्रालियों पर कार्रवाई करेंगे।