आरसीएफ के 50 कर्मचारी और अधिकारी सम्मानित
रेल कोच फैक्टरी में 63वां रेल सप्ताह समारोह का आयोजन
अमर उजला ब्यूरो
कपूरथला।
रेल कोच फैक्टरी के वारिसशाह हाल में 63वां रेल सप्ताह समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान 50 कर्मचारियों और अधिकारियों को 2017-18 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया गया। साल की सेफ्टी शील्ड इलेक्ट्रीकल प्रोडक्शन ग्रुप को प्रदान की गई। आरसीएफ के महाप्रबंधक सत्यप्रकाश त्रिवेदी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने आरसीएफ कर्मचारियों को पुरस्कार बांटे। कार्यक्रम में आरसीएफ की उपलब्धियों का विशेषरूप से उल्लेख किया गया।
त्रिवेदी ने कहा कि यह समारोह भारतीय रेल का एक शिरोमणि समारोह है। हमें नए वित्तीय वर्ष में नए लक्ष्य के सृजन के लिए प्रेरित करता है। यात्रियों को पूर्ण सुरक्षा समेत बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाना और रेल यात्राओं को आनंदप्रद बनाना भारतीय रेल की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आरसीएफ की ओर से उदय डबल डेकर डिब्बों का निर्माण भी किया जा रहा है। यह डिब्बे आरसीएफ की ओर से पहले बनाए गए एयर कंडीशंड डबल डेकर का इंप्रुव्ड वर्जन है। इनमें अंदरूनी और बाहरी सजावट के लिए विनायल शीट लगाई जा रही है। इन डिब्बों की सीटिंग कैपेसिटी 120 है। इस दौरान डा. ज्योति त्रिवेदी अध्यक्ष/आरसीएफ महिला कल्याण संगठन भी मौजूद थीं।