चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स की शिफ्टिंग को मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
केंद्रीय सेहत मंत्रालय ने पठानकोट के चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज से संबंधित एमबीबीएस के 249 विद्यार्थियों को राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में शिफ्ट करने की मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी मंत्रालय ने बुधवार को कॉलेज विद्यार्थियों के मंत्रालय के पास रोष प्रदर्शन करने के बाद दी गई। हालांकि रोष प्रदर्शन करने पर मंदिर मार्ग थाने की पुलिस ने विद्यार्थियों को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें चार घंटे के बाद रिहा कर दिया गया।
पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट की हिदायतों के मुताबिक चिंतपूर्णी कॉलेज के 249 एमबीबीएस विद्यार्थियों को राज्य के अन्य कॉलेजों में शिफ्ट किया जाना है। केंद्रीय सेहत मंत्रालय व एमसीआई के मंजूरी न देने की वजह से विद्यार्थी अधर में थे। केंद्रीय सेहत मंत्रालय के अंडर सचिव डीवीके राऊ ने कहा कि मंत्रालय ने चिंतपूर्णी कॉलेज के विद्यार्थियों को शिफ्ट करने की मंजूरी दे दी है और फैसले के बारे में पंजाब सरकार को अवगत करा दिया गया। एमसीआई सचिव रीना नैय्यर ने भी इस बात की पुष्टि की है। अभिभावक एसोसिएशन के डॉ.सुशील गर्ग ने मंत्रालय के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके संघर्ष का नतीजा है।
मालूम होकि कॉलेज के साल 2014-15 के बैच से सम्बंधित 101 स्टूडेंट्स को तीनों सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिफ्ट किया जाना है जबकि साल 2016-17 के 148 स्टूडेंट्स की सरकारी व निजी कॉलेजों में कोटे के मुताबिक शिफ्टिंग होनी है।