पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथारिटी के निर्देशानुसार अंडर ट्रायल समीक्षा कमेटी की बैठक जिला व सेशन जज-कम-चेयरमैन जिला कानूनी सेवाओं अथारिटी कपूरथला की अध्यक्षता में हुई। इसमें सहायक कमिश्नर कपूरथला डा. शिखा भगत, एसपी मनदीप सिंह, सीजेएम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अजीत पाल सिंह, सुपरिंटेंडेंट मॉडर्न जेल कपूरथला बलजीत सिंह घुम्मन मौजूद रहे।
जिला व सेशन जज किशोर कुमार की तरफ से अंडर ट्रायल मामलों की समीक्षा की गई। उनकी तरफ से विभिन्न तरह के छोटे मामलों में जेल में बंद हवालाती को पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट की गाइडलाइंस के अनुसार पैरोल पर छोड़ने संबंधी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने जेल में बंद बीमार कैदियों और हवालातियों को डॉक्टरी सहायता मुहैया करवाना यकीनी बनाने की भी हिदायत की। कोरोना वायरस से बचाव के लिए हवालाती और कैदियों को आपसी दूरी बनाई रखने व बार-बार साबुन-पानी से हाथ धोने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
सीजेएम अजीत पाल सिंह ने बताया कि जेल से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अब तक कपूरथला की अदालतों से संबंधित 204 बंदियों को जमानत और 291 पैरोल पर रिहा किए गए हैं। भविष्य में भी छोटे मामलों से संबंधित बंदियों को हाईकोर्ट के निर्देशानुसार रिहा किए जाने की आस है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार उनकी तरफ से रोजाना वीडियो कान्ंफ्रेंस के माध्यम से जेल में बंद हवालाती और कैदियों की मुश्किलें सुनी जातीं हैं। उनको हल करने के लिए जरूरी निर्देश भी दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान करीब 34 बंदियों को मुफ़्त कानूनी सहायता प्रदान की गई है। जेल सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से कोविड-19 की रोकथाम के आदेशों का पालन किया जाए।