वोटर सूचियों में संशोधन और नए वोट बनाने का काम 2 और तीन मार्च को
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर एक बार फिर वोटर सूचियों में संशोधन और नए वोट बनाने का कार्य 2 व 3 मार्च को किया जा रहा है। वीरवार को एसडीएम पूनम सिंह ने शहर की सभी राजनीतिक पार्टी के नेताओं के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद के क्लर्क मंगत वर्मा समेत शिअद के सर्कल शहरी प्रधान सुरेश सतीजा, भाजपा के प्रांतीय उपप्रधान धनपत सियाग, भाजपा के मंडल प्रधान अशोक छाबड़ा व दलजीत तिन्ना, आम आदमी पार्टी के इंचार्ज रघुबीर भाखर समेत कांग्रेस के नगर प्रधान मोहन लाल ठठई मौजूद थे।
उपमंडल कम चुनाव अधिकारी पूनम सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग से प्राप्त सूचना के अनुसार 2 व 3 मार्च को विधानसभा क्षेत्र 81 अबोहर, 82 बल्लूआना के अंतर्गत आते सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 9 से शाम 4 बजे तक नए वोट बनाएंगे। इन दो दिनों में बनने वाले नए वोट 9 मार्च तक पहले से ही बनी वोटर सूचियों में जोड़ दिए जाएंगे। उसके बाद किसी भी प्रकार के दावे व एतराज पर गौर नहीं किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि नए वोट बनाने के लिए फार्म नंबर-6, वोट कटवाने के लिए फार्म नंबर-7 और वोट में संशोधन करवाने के लिए फार्म नंबर-8 भर सकते हैं। इसके अलावा एनआरआई भी फार्म नंबर 6 ए के तहत अपनी वोट बनवा सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से अधिक से अधिक लोगों को नई वोट बनाने के लिए जागरूक करने की अपील की। मंगत वर्मा ने सभी नेताओं को इस बार लोकसभा चुनाव में प्रयोग होने वाली वीवीपैट मशीन संबंधी जानकारी भी दी।
इस समाचार की फोटो एबीआर 2 भेजी जा रही है।