गुरुपर्व पर 150 करोड़ के प्रोजेक्ट के नींव पत्थर रखे
सुल्तानपुर लोधी में गुरुनानक देव जी के 549वें प्रकाशोत्सव पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में पहुंचे सीएम
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर भी रहे मौजूद
कैप्टन बोले, राजनीति से उठकर मनाया जाएगा शताब्दी समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। श्री गुरुनानक देव जी के 549वें प्रकाशोत्सव पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बाबे की नगरी और सूबे में प्रोजेक्टों की बरसात हुई। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से तीन ऐतिहासिक शहरों सुल्तानपुर लोधी, डेरा बाबा नानक और बटाला के लिए 150 करोड़ रुपये के 26 अलग-अलग प्रोजेक्टों का नींव पत्थर रखा गया। वहीं 3312 करोड़ के नए प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा भी की गई। पूर्व पीएम और कैप्टन ने इस दौरान क्रिकेटर कपिल देव द्वारा लिखी पुस्तक ‘वी द सिक्खस’ का लोकार्पण भी किया।
इस दौरान पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि लोग श्री गुरु नानक देव जी के 550 प्रकाशोत्सव को धर्म और जात पात से मनाएं। उन्होंने कार्यक्रम में निमंत्रण के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह का धन्यवाद किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी गुरशरण कौर भी मौजूद थीं। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नानक नाम चढ़दी कलां तेरे भाने सरबत दा भला के संदेश के जरिए लोगों से अपील की कि वह एकजुट होकर श्री गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव में हिस्सा लें। कैप्टन ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उनको यह एतहासिक समारोह मनाने का मौका मिला। सीएम ने कहा कि सरकार यह शताब्दी समारोह बिना किसी सियासी भेदभाव के मनाएगी और इसमें सबको आमंत्रित किया जाएगा। इसमें संगत की भागीदारी की भी जरूरत है और संगत की तरफ से जो सुझाव उनकी सरकार को दिए जाएंगे, उन पर विचार व अमल किया जाएगा। कैप्टन ने मोदी सरकार का धन्यवाद किया, जो उनको इस शताब्दी समारोह के लिए हर संभव मदद दे रही है।
राज्यस्तरीय समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 10.5 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के हर गांव में 550 पौधे लगाने के अभियान की भी शुरुआत की। पौधे लगाने का खर्च ग्रीन पंजाब मिशन में से किया जाएगा और पौधों की संभाल मनरेगा योजना के अंतर्गत की जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से इस मौके पर 32 कैदियों की रिहाई और 2952 कैदियों की सजा में कटौती की घोषणा भी की गई। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार की ओर से अतिरिक्त मुख्यसचिव गृह के नेतृत्व में एक कमेटी के गठन का फैसला लिया गया है, जिसमें मुख्य सचिव जेल, डी.जी. इंटेलिजेंस व ए.डी.जी.पी जेल को सदस्य के तौर पर शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कमेटी की ओर से कैदियों के आचरण के आधार पर उनकी सजा में कटौती करके निर्धारित समय से पहले रिहा करने के बारे में रिपोर्ट 60 दिन के अंदर दी जाएगी।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की ओर से जिन प्रोजैक्टों के नींव पत्थर रखे गए उनमें 24 करोड़ की लागत से निर्माण किए जाने वाले तीन हाई लेवल पुल व दो फुट ब्रिज शामिल हैं। इसके अलावा ब्यास नदी पर 13 करोड़ की लागत से पक्के पुुल का निर्माण, 5 करोड़ रुपये से नए रेस्ट हाउस का निर्माण, 42 करोड़ से सड़कों को चौड़ा करना, 38 करोड़ रुपये से सड़कों की मरम्मत शामिल है। यह सारे प्रोजेक्ट जुलाई 2019 तक पूरे किए जाएंगे। इन प्रोजेक्टों के अलावा स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सुल्तानपुर लोधी में आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा, जिसमें नए बस स्टैंड का निर्माण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाना शामिल है। इसके अलावा डेरा बाबा नानक व बटाला में भी नगर काउंसिल के अधिकार क्षेत्र के बीच के क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा क्योंकि यह सारे शहर गुरु नानक देव से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के रेलवे मंत्रालय द्वारा की गई घोषणा के अनुसार सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण किया जाएगा। इस संबंधी राज्य सरकार ने रेलवे मंत्रालय को निवेदन किया था, जो स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व संबंधी यादगार सिक्का और डाक टिक्ट भी जारी करने के निर्णय का स्वागत किया।
समारोह के दौरान पंजाब कांग्रेस मामलों की इंचार्ज आशा कुमारी, कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, तृप्त राजिन्दर सिंह बाजवा, सुखजिन्दर सिंह रंधावा, सुखबिन्दर सिंह सुख सरकारिया, साधु सिंह धर्मसोत, ओपी सोनी, बलबीर सिंह सिद्धू, राणा गुरमीत सिंह सोढी, विजय इंदर सिंगला, चरनजीत सिंह चन्नी और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल के अलावा संत समाज के सदस्य भी उपस्थित थे। इसके अलावा सांसद गुरजीत सिंह औजला, विधायक चौधरी संतोख सिंह, नवतेज सिंह चीमा, राणा गुरजीत सिंह, संगत सिंह गिलजियां, गुरकीरत सिंह कोटली, रमनजीत सिंह सिक्की, हरदेव सिंह लाडी, सुशील कुमार रिंकू, कुलबीर सिंह जीरा और दविन्दर सिंह घुबाया और पीपीसीसी के महासचिव मनोज अरोड़ा भी उपस्थित थे।
पंजाब सरकार की तरफ से शुरू किए जाने वाले प्रोजेक्ट
1- सरबत सेहत बीमा योजना में पंजाब सरकार अब 43 लाख परिवारों को पांच लाख रुपये की बीमा योजना देगी
2- गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरफेथ स्टडीज की स्थापना
3-सुल्तानपुुर लोधी में अजायब घर पिंड बाबे नानक दा की स्थापना
4- सुल्तानपुर लोधी के निकटवर्ती गांव महांबलीपुर में लड़कियों के लिए बेबे नानकी कॉलेज की स्थापना
5- सुल्तानपुर लोधी की तरफ जाने वाली तमाम सड़कों व पुलों के निर्माण पर 180 करोड़ का खर्च
6- सुल्तानपुर लोधी में काली बेईं व पुल के लिए 4.5 करोड़ रुपये
7- सुल्तानपुर लोधी व डेरा बाबा नानक में शहरी विकास कार्यों की शुरुआत
8- श्री गुरु नानक देव जी के चरण स्थल प्राप्त 36 गांवों व 11 नगर पंचायतों में विकास
9- प्रदेश के हर गांव में 550 पौधे लगाना
10- गुरदासपुर के गांव कोटली नंगल में सरकारी मेडिकल कालेज व सुपर स्पेशलियटी अस्पताल की स्थापना
11- पीटीयू में श्री गुरु नानक देव इनोवेशन, ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना और इसकी शाखा सुलतानपुर व जब्बोवाल में खोलना
12- प्रदेश में स्मार्ट गांवों की स्थापना