मालोट पीएम रैली, सभी केंद्र
पीएम की रैली में दिहाड़ी पर लाए गए लोग
प्रधानमंत्री का भाषण शुरू होने तक पंडाल का आधा हिस्सा हुआ खाली
अमर उजाला ब्यूरो
मलोट (मुक्तसर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण रैली में पहुंचे लोग मोदी का भाषण शुरू होने से पहले ही रैली छोड़ निकलने शुरू हो गए। इनमें ज्यादातर लोग तो ऐसे थे जो दिहाड़ी पर भीड़ दिखाने के लिए लाए गए थे। भाजपा के कई जिलों के नेता अपना रैली में दबदबा दिखाने के लिए किराए पर लोग लेकर रैली में पहुंचे। रैली में ज्यों ही बादल का भाषण शुरू होते ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू किया तो रैली स्थल से लोग बिखरने शुरू हो गए। रैली स्थल के बीचोंबीच से लेकर पिछली कतारों में बैठे लोग बादल का भाषण खत्म होते-होते चल दिए। प्रधानमंत्री का भाषण शुरू होने तक तो पंडाल का पिछला हिस्सा आधा खाली हो चुका था। जब वहां से पीएम का भाषण सुने बगैर लौट रहे कुछ लोगों से बात की गई तो सच कुछ और ही सामने आया। इन लोगों में ज्यादातर लोग ऐसे शामिल थे जो दिहाड़ी पर लाए गए थे। रामपुरा फूल सेेे रैली में पहुंचे राम प्रकाश ने बताया कि उन्हें तो भाजपा नेता दो सौ रुपये दिहाड़ी, रोटी-पानी की बात कर साथ लाए थे। अब तो वह बीड़ी पीने जा रहे हैं। उन्हें मोदी का भाषण सुनने से क्या मतलब। जब उनसे पूछा कि बीड़ी देनेे की बात भाजपा नेता के साथ तय नहीं हुई थी तो हंसते हुए उसने कहा कि बीड़ी तो खुद की ही जेब से पीएंगे। ऐसे ही अनेक लोग दिहाड़ी पर भीड़ दिखाने के लिए लाए गए थे, जो खाने-पीने के बाद इधर-उधर हो लिए। जिस कारण कुर्सियां खाली हो गईं।
स्वच्छता अभियान की उड़ी खिल्ली
मलोट रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान की खिल्ली उड़ गई। रैली स्थल के पास जगह-जगह खान-पान के सामान व अन्य सामान लोगों ने इधर-उधर ही फेंक दिया। गुरुद्वारों से लाए गए लंगर की भी बेकद्री नजर आई। मुक्तसर से लंगर के लिए पांच छोटे कैंटर व दो ट्रालियां गुरुद्वारा साहिब से भरकर आईं थीं। जाते-जाते गर्मी के चलते पैकटों में पड़ा लंगर खराब हो गया। पहले तो लोग लंगर लेने के लिए टूट पड़े। मगर जब उन्होंने लंगर खाना शुरू किया तो उन्हें यह खराब लगा। जिस कारण वह लंगर की बेकद्री करते हुए उसे वहीं इधर-उधर फेंकते गए। ऐसे में लंगर की कई जगह ढेरियां तक लग गईं। जिससे बना लंगर बेकार हुआ और स्वच्छता अभियान मोदी की रैली में ही धूल फांकता रहा।
रैली से नदारद रहे सांसद घुबाया
प्रधानमंत्री की रैली से फिरोजपुर लोक सभा हलके के सांसद शेर सिंह घुबाया नदारद रहे। जब सांसद घुबाया से रैली में न पहुंचने के बारे में बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया कि मुझे तो न्योता ही नहीं मिला था।