मिनिस्टीरियल कर्मियों ने काले बिल्ले लगाकर की रैली
आबकारी व कर अधिकारी की पदोन्नति कोटा बहाल करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन की यूनिट ने वीरवार को दूसरे दिन भी काले बिल्ले लगाकर गेट रैली की। इस दौरान सरकार और ईटीसी पंजाब के खिलाफ नारेबाजी की गई।
यूनियन के जिला अध्यक्ष खुशकरन जीत सिंह, सीनियर उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह और कैशियर भारत भूषण ने बताया कि एसोसिएशन की बीते दिनों विभाग के उच्चाधिकारियों से हुई बैठक में मंजूर की गई मांगों को लागू करवाने की मांग की गई थी। मगर विभागीय अधिकारी मांगों को लागू करवाने के लिए गंभीर नहीं है। इसलिए स्टेट बाड़ी के आह्वान पर संघर्ष शुरू किया गया है।
उन्होंने आबकारी व कर अधिकारी की पदोन्नति कोटा बहाल करवाने, बरनाला व तरनतारन जिलों समेत विभिन्न जिलों में आसामियों की रचना करने, रहम के आधार पर नौकरी के केस के लिए बनाई कमेटी भंग करने, जिला डिवीजन मुख्य दफ्तर स्तर पर सुपरिंटेंडेंट सीनियर सहायक, लेखाकार, सीनियर स्केल स्टेनोग्राफर, जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर व क्लर्क की आसामियां सेक्शन करवाने के साथ ही सुपरिंटेंडेंट ग्रेड वन की आसामी सेक्शन करवाने समेत कई अन्य मांगों को लागू करने की मांग की। इस दौरान जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर रमेश कुमार, जूनियर सहायक तरसेम सिंह, क्लर्क राजिंदर कुमार, प्रदीप सिंह, राजनदीप सिंहस बोहड़ सिंह और अर्शदीप समेत अन्य भी मौजूद थे।