गेहूं खरीद नहीं होने पर किसानों ने लगाया जाम
अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान उठे धरने से
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। अनाज मंडियों में एफसीआई की तरफ से गेहूं खरीद नहीं करने के चलते बुधवार को किसानों और मंडी के आढ़तियों ने किसान नेता दर्शन राम के नेतृत्व में एफएफ रोड पर रोष प्रदर्शन करके यातायात ठप कर दिया। इससे दो घंटे तक आम जनता को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
किसान दर्शन राम ने बताया मंडी में एजेंसियां उनका गेहूं नहीं खरीद रही हैं। किसानों ने इसी परेशानी के चलते मुख्य मार्ग पर धरना देकर यातायात ठप किया है। खरीद एजेंसियों के अधिकारी व डीएफसी दीवान चंद शर्मा के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना खत्म किया। उन्होंने अनाज मंडी में पनसप, मार्कफैड और एफसीआई को गेहूं की सरकारी खरीद करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस मौके पर नंबरदार बिहारी लाल, दीपक मेहता, अमन कम्बोज, संजीव भूसरी, वकील कम्बोज, टीटू असीजा, बबलू रहेजा, सुनील हीरे वाला, देश राज, राम चंद लाधूका, बलदेव कम्बोज, वजीर चंद, चिमन सिंह, जगदेव सिंह, ओम प्रकाश, फकीर चंद नंबरदार, बिहारी लाल सरपंच, सुरिंदर छाबड़ा, सोनू उपस्थित थे।