चुनाव में वोटरों को बांटी जानी थी दारू
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बाॅर्डर की तरफ बहते सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू से तीस हजार लीटर कच्ची दारू व दारू से भरी 400 बोतलें पकड़ी हैं। इसके अलावा कच्ची दारू बनाने की सामग्री भी बरामद की है। आरोपी पुलिस को देख दरिया के रास्ते नाव के जरिये भागने में कामयाब हो गए।
एसपी (डी) रणधीर कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपियों ने कच्ची दारू तैयार कर तिरपालों में भरकर सतलुज दरिया के पानी के नीचे छिपाकर रखी है। इस कार्य के लिए डीएसपी (डी) बलकार सिंह व डीएसपी (एच) सुखविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने बताई हुई जगह पर दबिश दी। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची आरोपी नाव के जरिये भाग गए। पुलिस को वहां से तिरपालों में भरी पानी के अंदर से 30,000 लीटर कच्ची दारू और दारू से भरी 400 बोतलें मिली हैं।
इसके अलावा पुलिस को दारू तैयार करने की सामग्री जैसे बर्तन, लोहे के ड्रम, लकड़ी, तिरपालें व अन्य सामान बरामद हुआ है। एसपी (डी) ने कहा कि इस प्रकार उनकी टीमें कई जगहों पर स्पेशल ऑपरेशन चला रही है। जानकारों का कहना है कि लोकसभा चुनाव चल रहे हैं, वोटरों को कच्ची दारू परोसने के लिए दारू तैयार कर सतलुज दरिया में छिपाकर रखी जा रही है। सीमावर्ती गांवों से होकर दरिया गुजर रहा है।
फोटो संख्या-18एफजेडआर01.02बी - फिरोजपुर पुलिस ने सतलुज दरिया से पकड़ी भारी मात्रा में कच्ची दारू।