होशियारपुर। जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। संबंधित पुलिस थानों ने तीनों मामलों में आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बंगा रोड निवासी पैकी देवी ने माहिलपुर पुलिस को बताया कि वह अपने पति अजय कुमार के साथ दवाई लेकर लौट रही थी। गांव बढ़ोयाण के पास गढ़शंकर की ओर से आ रही एक बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह दोनों घायल हो गए। माहिलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान अजय कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक जतिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दूसरे मामले में गांव फदमा निवासी सतपाल सिंह की बाइक को एक स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। मेहटीयाना पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक हरसिमरनजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीसरे हादसे में गांव जंडोली के कश्मीर सिंह की बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगाई थी और ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर नहीं थे। गंभीर रूप से घायल कश्मीर सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक सरबंजोत सिंह पर मामला दर्ज किया है।