पठानकोट। भारत-पाक सीमा से सटे इलाके में पुलिस की ओर से पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने के दावे किए जा रहे हैं। वहीं नववर्ष के पहले दिन पुलिस के दावे हवाई साबित हो गए और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच दिनदहाड़े करियाना व्यापारी से लूट हो गई। घटना शुक्रवार सुबह 8 बजे की है। सीमावर्ती कस्बा नरोट जैमल सिंह के करियाना व्यापारी ने मामले की शिकायत थाना नरोट जैमल सिंह में दी है।
करियाना कारोबारी केवल कृष्ण महाजन ने बताया कि शुक्रवार सुबह सामान लेने के लिए पठानकोट जा रहा था। नरोट से 3 किमी दूर गांव कोठे के निकट पहुंचे तो सड़क पर पेड़ गिरा था। जैसे ही चालक ने ऑटो से उतर कर पेड़ हटाना शुरू किया कि अचानक 3 नकाबपोश युवक सड़क किनारे उगी झाड़ियों से निकल आए। युवकों के पास तेजधार हथियार थे। आते ही उन्होंने ऑटो ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया। उनमें से एक युवक तेजधार हथियार के बल पर ऑटो चालक को झाड़ियों में ले गया।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि 2 युवक तेजधार हथियार लेकर उसके पास आए और उससे मारपीट शुरू कर दी। उसकी जेब में रखे 25 हजार लेकर तीनों आरोपी फरार हो गए। केवल महाजन ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह में करवा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पूछताछ के लिए 2 युवकों को हिरासत में लिया है। थाना नरोट प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे।