सहकारी चीनी मिल बचाओ कमेटी का रोष धरना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
करीब 12 सालों से बंद फरीदकोट की सहकारी चीनी मिल को लेकर बनाई गई चीनी मिल बचाओ संघर्ष कमेटी की ओर से वीरवार को मिल के सामने धरना दिया गया। इसमें पंजाब विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैरा समेत कोटकपूरा से आप विधायक कुलतार सिंह संधवा, जैतो से आप विधायक मास्टर बलदेव सिंह, कमेटी के कनवीनर गुरदित सिंह सेखों समेत विभिन्न किसान जत्थेबंदियों के पदाधिकारी और किसान शामिल हुए।
सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि यह चीनी मिल पूरे मालवा क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान थी। यहां पर दूर-दूर से किसान अपनी गन्ने की फसल लेकर आते थे। वहीं हजारों लोगों को इस चीनी मिल के जरिये रोजगार मिल रहा था, लेकिन पंजाब सरकार की गलत नीतियों से चीनी मिल बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही उक्त मिल को बंद कर दिया गया था, जिसे दोबारा चालू करवाने में किसी भी सरकार ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान सनकदीप सिंह, अमन, संदीप धालीवाल, गुरतेज सिंह खोसा, सतनाम सिंह, जीवन जोत कौर, बेअंत कौर, अजीतपाल कौर और भूपिंदर कौर भी मौजूद थे।
फोटो 12एफआरडीपी02
फरीदकोट में सहकारी चीनी मिल के बाहर रोष धरने को संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैहरा
-------