जेल में बंद डेरा प्रेमियों को किया दूसरे कैदियों से अलग
फिरोजपुर। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ 25 अगस्त को आने वाले फैसले को लेकर जेल में बंद डेरा प्रेमियों को दूसरे कैदियों से अलग कर अन्य बैरकों में बंद किया है, ताकि ये आपस में लड़ाई न कर बैठे। इसके अलावा फिरोजपुर जिले के स्टेडियमों को अस्थायी तौर पर जेलों में तबदील किया है। जिला प्रशासन ने पंप के मालिकों को खुला पेट्रोल व डीजल देने के लिए मना किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फोटोग्राफरों से ड्रोन लिए गए हैं, जिनके जरिये पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी जाएगी। पुलिस और सिविल अधिकारियों को ट्रेनिंग दी गई है कि 25 अगस्त को आपस में किस तरह तालमेल बनाकर रखना है। जेल में किसी केस में बंद प्रेमियों को दूसरे कैदियों से अलग कर अन्य बैरिकों में बंद किया है, ताकि 25 अगस्त को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के खिलाफ सुनाए जाने वाले फैसले को लेकर आपस में लड़ाई न कर बैठे। फिरोजपुर के हुसैनीवाला बार्डर की तरफ बसे सीमांत गांवों में डेरा प्रेमियों की संख्या बहुत है, वहां पर स्पेशल फोर्स तैनात की गई है। बार्डर रोड पर बने नामचर्चा पर भी पुलिस तैनात है। इसके अलावा जिला व पुलिस प्रशासन ने स्टेडियम व कई स्कूलों को अस्थायी तौर पर जेल बनाया है।