होली के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश के ऊना के नजदीक बाबा भड़भाग सिंह डेरा में आयोजित होने वाले मेले में ट्राले पर जा रहे दो श्रद्धालुओं की करंट लगने से मौत हो गई।
शनिवार गांव कड़मा में दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे घटी घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
गांव कड़मा और उसके आसपास के गांव के लोग ऊना स्थित बाबा भड़भाग सिंह के डेरे में होली के उपलक्ष्य में लगने वाले मेले में जा रहे थे। सभी श्रद्धालु ट्राले पर सवार थे। गांव कड़मा से ट्राला चलना था। एक श्रद्धालु ट्राले के ऊपर बने टूल बाक्स में कुछ सामान रख रहा था, उसने ऊपर नहीं देखा कि बिजली की हाई वोल्टेज की तार गुजर रही है।
अचानक उसका हाथ तार से छू गया और उसे जबरदस्त करंट लगा। उसी समय एक और श्रद्धालु उसे बचाने का प्रयास करने लगा कि वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों बुरी तरह झुलस गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले श्रद्धालुओं की पहचान राम सिंह (32) पुत्र जज पाल सिंह और सुरेंदर सिंह (24) पुत्र अमरीक सिंह वासी गांव कड़मा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना लक्खोके बहराम की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।