‘किसान विरोधी है आम आदमी पार्टी’
उद्योगों के नए बिजली बिल पांच रुपये की दर से आएंगे: राणा गुरजीत
कपूरथला।
बिजली और सिंचाई मंत्री राणा गुरजीत सिंह शनिवार को आम आदमी पार्टी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कर्जमाफी स्कीम का विरोध करने से ‘आप’ का किसान विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। मानसा में किए जा रहे कर्जमाफी समारोह का विरोध करके ‘आप’ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह किसान हितैषी नहीं हैं। राणा यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
बिजली मंत्री ने कहा कि कहा कि सूबे के बुद्धिमान लोगों ने आप की चालों को समझते हुए विधानसभा चुनाव में तवज्जो नहीं दी। किसानों की कर्जमाफी पर उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है और जिन किसानों के नाम इस बार की सूची में नहीं हैं, वह अगली सूची में आ जाएंगे और किसानों को इस बारे चिंता करने की जरूरत नहीं है। कोई भी योग्य लाभार्थी इस स्कीम का लाभ लेने से खाली नहीं रहेगा। कैबिनेट मंत्री ने औद्योगिक इकाइयों को पांच रुपये प्रति यूनिट की दर पर बिजली देने बारे में एक बार फिर सआफ किया कि सरकार ने यह फैसला लागू कर दिया है और एक जनवरी 2018 से नए बिल इसी दर से आएंगे।
उन्होंने कहा कि तकनीकी खामियों के कारण इस फैसले को लागू करने में कुछ देर हुई है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार सूबे का सर्वपक्षीय विकास करके पंजाब को मुल्क का हर पक्ष से अगुवा सूबा बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपने हर वायदे पर खरा उतर रही है, जिसके चलते 800 नहरी पटवारियों की नियुक्ति की गई है और बिजली विभाग में अनुकंपा के आधार पर 275 व्यक्तियों को नौकरी दी गई है। इसी तरह बिजली विभाग में पिछले 10 सालों से लटक रहा लाइनमैनों की भर्ती का मसला सुलझा लिया गया है।