कार पेड़ से टकराई, युवक की मौत
ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव झोक हरिहर के पास चालक ने अचानक ट्रैक्टर-ट्राली गलत साइड मोड़ दी। इस कारण सामने से आ रही कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने वीरवार को अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जसबीर सिंह पुत्र गुरबिंदर सिंह वासी सैदेके रूहेला थाना ममदोट ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनका रिश्तेदार सेवक सिंह (23) पुत्र जोगिंदर सिंह वासी सैदेके रूहेला अपनी कार से जा रहा था। जैसे ही वह गांव झोक हरिहर के पास पहुंचा सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने अचानक ट्रैक्टर-ट्राली गलत साइड मोड़ दी। इस कारण सेवक सिंह का कार से नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में घटनास्थल पर ही सेवक सिंह की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली चालक वहां से फरार हो गया। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने जसबीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच-पड़ताल कर रहे एएसआई तलविंदर जीत सिंह ने कहा कि चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।