विषैला पानी पीने से महिला की मौत, 5 गंभीर
अबोहर। खेत में रखे पुराने घड़े में कई दिनों का भरा पानी पीने से गांव बहादुरखेड़ा की लगभग छह महिलाएं बीमार हो गई। स्थानीय सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को फरीदकोट ले जाया गया। वहां देर सांय एक महिला ने दम तोड़ दिया।
गांव बहादुरखेड़ा की महिलाएं गांव सरदारपुरा में आरडी विश्नोई के खेत में दिहाड़ी मजदूरी करने के लिए गई थी। प्यास लगने पर उन्होंने खेत में रखे एक मटके से कई दिनों का रखा हुआ पानी पी लिया। थोड़ी देर बाद ही कुलविंद्र, परविंद्र, वीरपाल, मनप्रीत, पम्मी व परविंद्र की हालत खराब हो गई। सूचना मिलते ही खेत मालिक ने सभी को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। हालत में सुधार न होने पर विश्नोई उन्हें फरीदकोट ले गए। वहां देर सांय कुलविंद्र नामक महिला ने दम तोड़ दिया।