अवैध माइनिंग से गांवों में गहराया पानी का संकट - मंटू
चुनावों में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए बाहरी लोग कर रहे हैं माइनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की छवि खराब करने के लिए कुछ बाहरी लोग सुजानपुर के बेहड़िया और हरियाल में अवैध माइनिंग कर रहे हैं। सूबे की कांग्रेस सरकार इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यह बात कांग्रेस के प्रदेश सचिव और सुजानपुर हलका इंचार्ज अमित सिंह मंटू ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से अवैध माइनिंग पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अफसरों को अवैध माइनिंग पर रोक लगाने के सख्त आदेश दिए हैं। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग साजिश के तहत उनके हलके में माइनिंग कर पर्यावरण का नुकसान कर रहे हैं। बतौर प्रदेश सचिव उनकी यह जिम्मेदारी है कि उनके क्षेत्र में इस प्रकार का काम नहीं हो।
मंटू ने कहा कि हरियाल में जंगलात विभाग ने धारा 4 घोषित की है। इसके बावजूद हिमाचल और पंजाब के बॉर्डर में उलझाकर लोग माइनिंग का काम कर रहे हैं। जिससे पर्यावरण को काफी नुकसान हो रहा है और वाटर लेवल काफी डाउन हो गया है। जिसके कारण पानी का संकट पैदा हो गया है। बेहड़िया माधोपुर में यह कार्य बड़ी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब सरकार को बदनाम करने की साजिश के अधीन किया जा रहा है। मंटू ने बताया कि इस संबंधी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, सांसद सुनील जाखड़, राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा को पत्र लिखकर शिकायत की गई है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि माइनिंग करने वालों ने काम बंद नहीं करवाया तो वह सरपंचों को साथ लेकर अपने स्तर पर कार्रवाई करेंगे। इस मौके पर सरपंच अक्षित कोहाल, तेजस कोहाल, हरप्रीत सिंह, संचित, पुष्पिंदर, अनिल कुमार, बिट्टू, राजेश शर्मा, वरुण, दविंदर कुमार उपस्थित थे।
फोटो:-1-प्रैस कॉन्फ्रैंस में जानकारी देते अमित मंटू व अन्य।