कार पेड़ से टकराई, दो की मौत, 3 गंभीर
श्री मुक्तसर साहिब। शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहे एक परिवार की कार रविवार सुबह बेकाबू होकर गांव झबेलवाली के निकट एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची सहित तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना बरीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मलोट निवासी ओम प्रकाश, हरबंस लाल, सचिन और उसकी पत्नी नीरू तथा तीन वर्ष की बच्ची कार से फिरोजपुर किसी रिश्तेदार के यहां रात के शादी समारोह में शामिल होकर वापिस आ रहे थे। रविवार सुबह वह जैसे ही गांव झबेलवाली के निकट पहुंचे तो उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में ओम प्रकाश और हरबंस लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सचिन, उसकी पत्नी और बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं। जिनको निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना बरीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।