कर्ज माफी के नाम पर किसानों से धोखा
शिअद किसान विंग के प्रधान ने कैप्टन सरकार पर लगाया वादों से मुकरने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
शिरोमणि अकाली दल किसान विंग के प्रधान सिकंदर सिंह मलूका ने पंजाब सरकार पर किसानों के कर्ज माफ करने को लेकर धोखा करने का आरोप लगाया है। सरकार अपने वादों से मुकर रही है।
उन्होंने कहा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों व खेत मजदूरों से वादा किया था कि उनके सभी प्रकार के कर्ज माफ किए जाएंगे। अब सरकार वादों को पूरा नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मात्र 2 लाख के कर्ज माफ करके अपने विादों से भाग रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों पर कुल 90 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। कैप्टन सरकार मात्र 1500 करोड़ रुपये के कर्ज माफ करके किसानों की हमदर्द सरकार होने का दावा कर रही है। यहां तक की सरकार ने जिन किसानों के कर्ज माफ किए हैं, उनके प्रमाण पत्र भी अभी उन्हें नहीं मिले हैं।
इसके अलावा खेत मजदूरों के कर्ज तो बिल्कुल माफ नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह जालंधर के अकाली नेताओं के साथ किसान विंग के सभी नेता 14 मार्च को नकोदर में कैप्टन अमरिंदर सिंह को ज्ञापन देकर किसानों के सभी कर्ज माफ करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक सभी कर्ज माफ नहीं हो जाते किसान विंग कैप्टन अमरिंदर सिंह के हर कार्यक्रम में पहुंचकर कर्ज माफ करने का मांग पत्र उन्हें सौंपेगा। इस दौरान विधायक पवन टीनू, विधायक बलदेव खैहरा, सरबजीत सिंह साबी मौजूद थे।