होशियारपुर। जिला प्रशासन की ओर से मिशन फतेह-2 के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर चलाए गए अभियान को लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है, जिसके चलते गांवों में ज्यादा से ज्यादा लोग कोविड टीकाकरण करवा रहे हैं।
डीसी अपनीत रियात ने बताया कि गांव वासियों व पंचायतों के सहयोग से जिले के 162 गांवों में 100 प्रतिशत कोविड टीकाकरण किया जा चुका है। इस अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों की जितनी प्रशंसा की जाए वह कम हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें बिना थके लगातार कोविड टेस्टिंग व टीकाकरण कर रही हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
डीसी ने बताया कि कोविड टीकाकरण को लेकर जिले में मिसाल कायम करते हुए लाभार्थियों को 5 लाख से ज्यादा डोज लगा दी गईं हैं। जिले में अब तक लाभार्थियों को कोविड टीकाकरण की 520337 डोज लगाई जा चुकी हैं, जबकि 18 वर्ष से अधिक की जनसंख्या 12 लाख के करीब है। जिले के लोग कोविड टीकाकरण को लेकर काफी जागरूक हुए हैं, जिसके चलते कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी काफी कम हो रही है।
डीसी अपनीत रियात ने बताया कि आज जिले में 19742 लाभार्थियों का टीकाकरण हुआ है। कोविड टीकाकरण अभियान के तहत जहां जिले में अलग-अलग कैंपों के माध्यम से टीकाकरण जारी है, वहीं बिस्तर पर पड़े रोगियों के लिए भी स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। इस कैटेगिरी के लोगों का स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें घर जाकर टीकाकरण कर रही हैं। इस संबंध में मोबाइल नंबर 7814640600 पर व्हाट्स एप कर सकते हैं और बताए गए पते पर स्वास्थ्य की टीमें बिस्तर पर पड़े रोगी का घर आकर टीकाकरण करेंगी।
दिव्यांगों के लिए भी ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन
इसी तरह दिव्यांगों के लिए भी ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन शुरू की गई हैं। इस अभियान के तहत नहर कॉलोनी डिस्पेंसरी होशियारपुर में इन्हें ड्राइव थ्रू टीकाकरण की सुविधा दी जा रही है। सप्ताह के दो दिन बुधवार व शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक दी जाने वाली इस सुविधा के तहत दिव्यांगों को डिस्पेंसरी आने पर स्वास्थ्य टीम की ओर से लाभार्थी को उसकी गाड़ी में ही वैक्सीन लगाई जाएगी। अगर लाभार्थी डिस्पेंसरी में सीधे आ जाता है तो भी उसे अन्य के मुकाबले पहल दी जाएगी।