विजिलेंस के निशाने पर आई 26 और इमारतें
119 तक पहुंचा अवैध बिल्डिंगों और कालोनियों का आंकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से जिन 93 अवैध बिल्डिंगों और कालोनियों की लिस्ट मेयर जगदीश राजा को जांच के लिए भेजी गई थी उसमें अब विजिलेंस ने 26 नई कामर्शियल इमारतों को जोड़ दिया हैं। अब विजिलेंस शहर में बनी 119 अवैध इमारतों और कालोनियों की जांच कर रही हैं। जांच में 26 और अवैध इमारतों के शामिल होने से हड़कंप मच गया है।
विजिलेंस के अनुसार इन अवैध इमारतों में भी बिल्डिंग बॉयलॉज की जमकर धज्जियां उड़ाई गई हैं। सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है। शहर का सबसे मशहूर और हार्ट ऑफ द सिटी मॉडल टाउन में सबसे ज्यादा अवैध निर्माणों की संख्या हैं। इसके बाद गुरुनानक मिशन चौक के पास भी कई अवैध बिल्डिगों का निर्माण हुआ है। यह सभी विजिलेंस के निशाने पर आ गए हैं। कुछ इमारतों पर तो विजिलेंस ने जाकर जांच कर रिपोर्ट भी बना दी है। बाकी रहती इमारतों की भी जांच जल्द होगी। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार बस स्टैंड के पास स्थित शहर के मशहूर बिल्डिर्सएजीआई का बिजनेस सेंटर, बीएसएफ चौक के पास होटल अंबेसडर, चुनमुन माल के पास कामर्शियल बिल्डिंग, निक्कू पार्क मॉडल टाउन के सामने कामर्शियल बिल्डिंग के अलावा मॉडल टाउन इलाके में बनी कई इमारतें शामिल हैं।