‘धान बिजाई के लिए दस घंटे बिजली दे सरकार’
नहरों के टेल तक पानी नहीं पहुंचने पर जताया रोष, घेरा एक्सईएन ऑफिस
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां (फाजिल्का) की ओर से धान की बिजाई के लिए किसानों को दस घंटे बिजली मुहैया कराने की मांग को लेकर सोमवार को नहरी विभाग के एक्सईएन का ऑफिस घेरा गया। इसकी अध्यक्षता यूनियन के जिला अध्यक्ष सुखमंदर सिंह बाजीदपुर ने की।
जिला सचिव जोगिंद्र सिंह ने कहा कि सरकार 10 जून की बजाय धान की बिजाई 20 जून से करने के लिए कह रही है लेकिन अब किसान अपने धान की फसल 20 जून से पहले लगाएंगे। किसानों की मांग है कि धान की बिजाई के लिए बिजली की सप्लाई 10 घंटे यकीनी बनाई जाए। जिला अध्यक्ष सुखमंदर सिंह बाजीदपुर ने पंजाब सरकार को किसान विरोधी करार देते हुए कहा कि पंजाब की किसानी कर्ज में दबी है लेकिन सरकार धान की फसल 20 जून से लगाने के लिए कह रही है। इससे फसल का झाड़ भी कम होगा और धान की फसल भी लेट पकेगी। इस कारण किसान पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और किसान आत्महत्या को मजबूर होंगे। इसलिए किसानों को तुरंत 10 घंटे बिजली सप्लाई दी जाए। जिला सीनियर प्रधान गुरविंदर सिंह मन्नेवाला ने टेलों और नहरी पानी पूरा देने की मांग को लेकर कहा कि फाजिल्का की सभी नहरों की टेलों पर पानी नहीं पहुंच रहा तो तुरंत पहुंचाया जाए। धरने को पूरन सिंह तंबूवाला, शेर सिंह, परमजीत सिंह घांगा, सतपाल भोडीपुर, सावन सिंह, मक्खन सिंह ढंडिया, करतार सिंह पंजेके ने भी संबोधित किया।
-------------------
फोटो संख्या-11एफजेडआरपी02
कैप्शन: जलालाबाद (फिरोजपुर) में किसान यूनियन के नेताओं ने एक्सीइन कार्यालय का घेराव कर दिया धरना।