दो कारों की टक्कर, दो महिला और एक बच्चे समेत पांच घायल
कपूरथला।
थाना फत्तूढींगा के अंतर्गत मुंडी मोड़ के टी-प्वाइंट पर सोमवार दोपहर इनोवा और कार की टक्कर से इनोवा में सवार दो महिलाओं और एक बच्चे सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की सहायता से सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में दाखिल करवाया गया।
उपचाराधीन दिलबाग सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी गांव खुजला, गुरदासपुर ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे मेहता चौक अमृतसर से अपनी पत्नी गुरमीत कौर, सुखविंदर सिंह पुत्र वीर सिंह निवासी मेहता चौक अमृतसर, पांच वर्षीय हर्षदीप पुत्र सुखविंदर सिंह, सुरिंदर कौर पत्नी वीर सिंह सहित परिवार के पांच अन्य सदस्य इनोवा से सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में माथा टेकने गए थे। गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद सभी गोइंदवाल स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। जब वह मुंडी मोड़ के टी-प्वाइंट के पास पहुंचे तो गोइंदवाल की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके कारण दिलबाग सिंह, गुरमीत कौर, सुखविंदर सिंह, हर्षदीप, सुरिंदर कौर घायल हो गई। परिवार के पांच अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। उनके साथ बैठी सवारी को मामूली चोटें आने के कारण वह सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल में दाखिल है। घटना संबंधी थाना फत्तूढींगा की पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है।