आठ घंटे तक सील रहा कोटकपूरा
गैंगस्टर लवी दियोड़ा के भोग पर सतर्क पुलिस ने लगाए 12 नाके
कोटकपूरा (फरीदकोट)। नई दाना मंडी में करीब 15 जुलाई को गैंगस्टर लवी दियोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस केस में शहर के एक अन्य गैंगस्टर भारत भूषण उर्फ भोला शूटर समेत पंजाब, चंडीगढ़ व हरियाणा के कुख्यात बदमाशों के शामिल होने की सूचना के चलते बुधवार को उसके भोग समागम को लेकर जिला पुलिस सतर्क रही।पुलिस ने सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक शहर को लगभग सील करके रखा और हर जाने वाले लोगों की कड़ी निगरानी की गई। पुलिस ने शहर में 12 जगह नाके लगाए और करीब 800 वाहनों की चेकिंग भी की गई। पुलिस ने संदिग्ध लोगों के नाम पते तक भी नोट किए गए।
पुलिस के अनुसार 9 आपराधिक मामलों में शामिल लवी दियोड़ा पिछले माह से जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसी दौरान 15 जुलाई को जब वह नई दाना मंडी में चल रहे झूलों के मेले में टहल रहा था तो उस पर घात लगाकर हमला कर दिया गया। अंधाधुंध गोलियां दागी गईं, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस केस में पुलिस ने लवी के पिता बंटी दियोड़ा के बयान पर भोला शूटर व लवराज सिंह समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। पड़ताल के दौरान इस हत्याकांड में अमृतसर जेल में बंद जग्गू भगवानपूरिया समेत चंडीगढ़ व अंबाला के गैंगस्टरों का नाम भी सामने आया।
बुधवार को लवी दियोड़ा का डेरा बाबा दरिया गिरी में भोग समागम रखा गया था और इस समागम में किसी तरह की गड़बड़ होने की आशंका के चलते पुलिस ने शहर को छावनी में तबदील कर दिया। पभोग स्थल पर भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। यहां लोगों पर नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी करवाई गई और स्थल के इंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर तक लगाया गया। इस समागम में बठिंडा जेल में बंद लवी दियोड़ा का भाई विनय दियोड़ा भी पहुंचा। अपने भाई लवी की तरह विनय पर आपराधिक केस दर्ज है। इस मामले में थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर मुख्तयार सिंह ने कहा कि पुलिस की तरफ से अमन कानून को बहाल रखने के लिए इंतजाम किए गए थे।