शार्ट सर्किट से जला इलेक्ट्रानिक्स शोरूम
जालंधर। शहर के बाहरी इलेक्ट्रानिक्स के शोरूम में सोमवार रात को आग लग गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। शोरूम मालिका का कहना है अग्निकांड में उसका करोड़ों का नुकसान हुआ है। तब तक दुकान के अंदर पड़ा सारा सामान जल चुका था।
वडाला चौक के पास रहने वाले दुकान मालिक राजेश बाहरी ने बताया मंगलवार की सुबह उन्हें पड़ोसी का फोन आया कि उनकी दुकान की तीसरी मंजिल से धुआं निकल रहा है। मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान बाहर से बिलकुल ठीक थी। तीसरी मंजिल के पीछे वाले रास्ते से धुआं निकल रहा था। उन्होंने शोरूम का शटर उठाया तो देखा कि आग फैली हुई थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राजेश बाहरी न बताया कि दुकान में विभिन्न ब्रांड के मोबाइल थे, जो जल गए। शोरूम एप्पल व सैमसंग का एक्सक्लूसिव था। बाहरी के मुताबिक शार्ट सर्किट होते ही बिजली ट्रिप हो गई थी लेकिन सीसीटीवी कैमरों के लिए लगे यूपीएस से सप्लाई होती रही, जिस कारण आग फैल गई। बाहरी ने कहा कि उनके पास कई कंप्यूटरों में महंगे साफ्टवेयर थे, जो विदेशों से महंगे फोन के लिए खरीदकर लोड किए गए थे। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में कुछ कहा नहीं जा सकता लेकिन आग से उनका करोड़ों का नुकसान हुआ है। बाहरी इलेक्ट्रानिक्स में युवाओं को मोबाइल रिपेयरिंग भी सिखाई जाती है। इसके अलावा साफ्टवेयर व हार्डवेयर का काम सिखाया जाता है। सारा साजोसामान के अलावा मोबाइल एस्सेरीज भी जलकर राख हो गई।