अबोहर। एसएसपी दीपक हिलोरी के आदेशों पर फाजिल्का, जलालाबाद और अबोहर में शनिवार को पुलिस संगत दर्शनों का आयोजन किया गया। इस दौरान काफी समय से लंबित पड़े मामलों का निपटारा किया गया। अबोहर व बल्लूआना के अंतर्गत आते थानों के मामलों का निपटारा करने के लिए अबोहर पैलेस में संगत दर्शन लगाया गया।
सुबह करीब 11 बजे शुरू हुए इस संगत दर्शन में डीएसपी अबोहर कुलदीप सिंह, डीएसपी ग्रामीण संदीप सिंह सहित थाना नंबर 1 और 2, थाना खुईयां सरवर, थाना सदर, थाना बहाववाला व चौकिंयों के प्रभारी व पुलिस कर्मचारी हाजिर रहे। पुलिस अधिकारियों ने शहर और गांवों के लंबित मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से निपटारा करवाया। डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनके अंतर्गत आते थानों के करीब 150 मामले लंबित पड़े हैं। इनमें अधिकतर मारपीट, दहेज प्रताडना आदि के मामले शामिल हैं। वहीं ग्रामीण थानों में करीब 100 मामले लंबित हैं, जिनके निपटारे के लिए संबंधित लोगों के अलावा पंचायतों को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज संगत दर्शन के दौरान जिन केसों का निपटारा नहीं हो पाएगा उन्हें आगामी दिनों में संगत दर्शन लगाकर हल किया जाएगा।
400 से अधिक मामलों का निपटारा: एसएसपी
दोपहर करीब डेढ़ बजे अबोहर पैलेस पहुंचे एसएसपी दीपक हिलोरी ने संगत दर्शन का जायजा लिया और पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज पूरे जिले के अबोहर, फाजिल्का और जलालाबाद में पुलिस संगत दर्शन लगाकर पुराने मामलों के निपटारे किए। हिलेरी ने कहा कि जिले के दूरदराज के गांवों के लोग अपनी समस्याओं का निपटारा न होने पर फाजिल्का के चक्कर काटने पड रहे थे। अतिरिक्त जांच अधिकारी लगाकर पूरे जिले में 400 से अधिक मामलों का निपटारा करवाया गया।