मोगा। थाना बाघापुराना के अधीन पड़ते गांव फूलेवाला की नहर के पास बाइक और कैंटर की टक्कर में चार साल के बच्चे की मौत हो गई। बाइक सवार बच्चे के दादा-दादी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बुजुर्ग दंपति अपने चार वर्षीय पोते के साथ बाइक पर अपने गांव नत्थोके की ओर जा रहे थे। इस दौरान गांव फूलेवाला के पास नहर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार एक कैंटर ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बाइक सवार दंपति और बच्चा सड़क पर गिर गए। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग जोड़े की पहचान गुरजंट सिंह और कुलदीप कौर वासी नत्थोके के रूप में हुई है। मरने वाले चार वर्षीय बच्चे का नाम जौहलप्रीत है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। डीएसपी बाघापुराना जसपाल सिंह धामी ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया जाएगा।