गुरु नानक कॉलेज में महा मेले का आयोजन
दुल्हन विदाई मुकाबला रहा आकर्षण का केंद्र
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
गुरु नानक कॉलेज फॉर गर्ल्स में रविवार को महा मेले का आयोजन किया गया। सुबह से देर शाम तक चले इस मेले में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए पंजाबी सभ्याचार की छटा बिखेरी। विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने इसका शुभारंभ किया। मेले के लिए विरासती गांव का भी निर्माण किया गया था। इसमें छात्राएं पुराने दौर के बने गांवों में बनी रसोई में भोजन तैयार करतीं नजर आईं। यह झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
वहीं प्रदर्शनी मुकाबले के तहत खुद तैयार की गई वस्तुओं फुलकारी, चादरें, सिरहानें, सूट की प्रदर्शनियां लगाई गईं। इस दौरान रिवायती दुल्हन विदाई मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। मुकाबले में छात्राओं ने उत्साह से हिस्सा लेते हुए पुरातन समय विवाह के दौरान दुल्हन की विदाई की रस्में पेश कीं।
दुल्हन मुकाबले में लवदीप कौर प्रथम, खुशप्रीत कौर द्वितीय और कमल सिद्धू तृतीय रही। निर्णायक मंडल में बलजिंदर कौर और राजवीर कौर शामिल थे। वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए बेबी शो का आयोजन भी किया गया। इसमें तीन से पांच वर्ष के बच्चों ने हिस्सा लिया। मुकाबले में गुरप्रीत कौर को क्यूट बेबी का खिताब मिला।
काव्या को चार्मिंग बेबी और मनीसाज कौर व अजलमीत को कांफिडेंट बेबी के खिताब से नवाजा गया। निर्णायक मंडल में डॉ. जगमोहन कौर ढिल्लों और किंडर स्पायल स्कूल की प्रिंसिपल गुरवीन कौर शामिल थे। मेले में विभिन्न पंजाबी जूती, पंजाबी सूट, फुलकारी, गुलगुले, मठ्ठियां, साग व मक्की की रोटी के भी स्टाल लगाए गए। बच्चों के मनोरंजन के लिए चंडोल और विभिन्न प्रकार के झूले भी लगे हुए थे। मेले के दौरान विभिन्न लक्की ड्रा भी निकाले गए। मौके पर कोआर्डिनेटर नवजोत कौर, रुचि कालड़ा, रूही खुराना, नगर काउंसिल अध्यक्ष हरपाल सिंह बेदी, बाबू लाल ग्रोवर, प्रो महिल सिंह, बलदेव सिंह मान, परमजीत कौर खालसा, सुरिंदर कौर फत्तनवाला उपस्थित थे।