खिलौनों के गोदाम में लगी भीषण आग
छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। लैदर कांप्लेक्स रोड पर राजा गार्डन की रिहायशी आबादी में स्थित खिलौनों के एक बड़े गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते फैल गई। आसपास रिहायशी इलाका होने के कारण लोगों में भय का माहौल बना रहा। फायर ब्रिगेड की टीम को भी आग पर काबू में छह घंटे लग गए।
जानकारी के अनुसार यह गोदाम प्लास्टिक के चाइनीज खिलौनों का बड़ा गोदाम है जो गोदाम मालिक ने किराये पर दिया हुआ हैं। दोपहर 12 बजे के करीब लोगों ने गोदाम से धुआं उठते देखा और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। शुरूआत में ही आग तेजी से बढ़ने लगी और आग की लपटें गोदाम के शेड से हवा के दबाव में बाहर की ओर उठने लगी। इस भीषण अग्निकांड से आबादी में रहने वाले लोग डर गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचने लगी। दोपहर 12 बजे लगी इस आग पर कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। आग बुझाने में छह घंटे लग गए। कई बार गाड़ियों को रिफिल कर पानी की बौछार की गई। क्षेत्रीय थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सहायक जिला फायर अफसर कृष्ण कक्कड़ ने कहा कि गर्मी का मौसम होने की वजह से आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। खिलौनों के गोदाम में आग कैसे लगी यह अभी पता नहीं चला है। गोदाम में आग पर काबू पाने के लिए कोई इंतजाम नहीं थे। फायर कर्मचारियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।