विधायक पिंकी ने किया बॉक्सिंग रिंग का उद्घाटन
फिरोजपुर। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आधुनिक विश्व स्तरीय बाक्सिंग रिंग का उद्घाटन रविवार शाम को फिरोजपुर शहरी सीट से विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने किया। बाक्सिंग रिंग की धनराशि सांसद निधि से 8.32 लाख रुपये सांसद शेर सिंह घुबाया की ओर से जारी की गई थी। विधायक ने कहा कि खेल से ही युवाओं को नशे से दूर रखा जा सकता है। खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर बच्चे अपने अभिभावकों के साथ अपने देश का नाम भी रोशन करते हैं। शहर में आधुनिक विश्व स्तरीय बाक्सिंग रिंग खिलाड़ियों को नया मुकाम हासिल करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी कोशिश होगी कि शहीद भगत सिंह स्टेडियम में अधिक से अधिक सुविधाएं खिलाड़ियों को मिल सके। डीएसओ बलवंत सिंह ने बताया कि बाक्सिंग रिंग की 8.32 लाख रुपये की धनराशि सांसद निधि से मिली थी, विश्वस्तरीय आधुनिक बाक्सिंग रिंग का निर्माण पंचायती राज विभाग की ओर से किया गया है।
स्टेडियम में उद्घाटन से खेल मंत्री की दूरी बनी चर्चा का विषय
बीते दिनों पंजाब सरकार के कैबिनेट विस्तार में जगह पाने वाले गुरुहरसहाय से विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खेल मंत्री का प्रभार दिया है। ऐसे में उनके खेल मंत्री बनने के बाद उनके गृह जिल के जिला स्तरीय स्टेडियम में बाक्सिंग रिंग के उद्घाटन अवसर पर उनकी अनुपस्थित चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि दबी जुबान में अधिकारियों का कहना है कि पिंकी और सोढ़ी के बीच आपसी अच्छे संबंध नहीं हैं। इसलिए सोढ़ी के खेल मंत्री बनने पर स्वागत वाले दिन भी पिंकी नजर नहीं आए थे। जानकारों का कहना है कि खेल विभाग का अधिकारी भी पिंकी का खास है। पिंकी ही उसे फिरोजपुर लेकर आया था, जो विभाग में चल रही घपलेबाजी के विवाद में घिरा हुआ है। इसकी शिकायतें भी खेल मंत्री सोढ़ी को दी गई है।
फोटो संख्या-07एफजेडआरपी04
कैप्शन--फिरोजपुर स्टेडियम में बने बाक्सिंग रिंग का उद्घाटन करते हुए विधायक।