फिरोजपुर। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी का 169 दिन से चल रहा रेल रोको आंदोलन खत्म होने के बाद अब अमृतसर रेलवे स्टेशन से 14 पैसेंजर और दो पार्सल स्पेशल ट्रेनें निर्धारित समय से चलेंगी। धरने के कारण जिन ट्रेनों के रूट बदले गए थे, वे अब जंडियाला रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगी। 13 मार्च से अमृतसर और दिल्ली के बीच शताब्दी एक्सप्रेस चलाई जा रही है। छह जोड़ी ट्रेनें भी अमृतसर से होकर अपने निर्धारित स्टेशनों तक पहुंचेगी। अमृतसर से चलने वाली तीन ट्रेनें जो रद्द हैं, उन्हें दोबारा चलाने के लिए दिल्ली प्रस्ताव भेज दिया गया है। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के रेल मंडल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने दी।
डीआरएम ने बताया कि किसान जत्थेबंदियों ने जंडियाला रेलवे स्टेशन के पास के ट्रैक को खाली कर दिया है। जीआरपी द्वारा यात्री गाड़ियों के संचालन की अनुमति के बाद फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्री सेवा को बहाल करने का निर्णय लिया गया है। जहां किसान भाई रेलवे ट्रैक पर बैठे हुए थे उनके खाली करने के पश्चात इंजीनियरिंग विभाग ने ट्रैक की फिटिंग की जांच की। जांच के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि पहली यात्री गाड़ी 02407 (न्यू जलपाईगुड़ी- अमृतसर कर्मभूमि एक्सप्रेस स्पेशल) का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य सभी स्पेशल यात्री गाड़ियां जो परिवर्तित मार्ग से जा रही थीं, उन्हें अमृतसर के लिए सीधे मार्ग से चलाया जाएगा। वे स्पेशल यात्री गाड़ियां जो इस प्रदर्शन के कारण शार्ट टर्मिनेट या रद्द की गईं थी वे भी जल्द शुरू कर दी जाएंगी।
डीआरएम ने बताया कि छह जोड़ी ट्रेनें जिन्हें अमृतसर रेलवे स्टेशन की बजाय जालंधर, अंबाला व चंडीगढ़ तक चलाया जा रहा था, उन्हें अब अमृतसर से अपने निर्धारित शहर जैसे इंदौर, अजमेर, नांदेड़ साहिब, बांद्रा ट्रमिंस व कोरबा तक चलाया जाएगा। अमृतसर से दरभंगा, सहरसा व सियालदाह चलने वाली ट्रेनें रद्द हैं। इन्हें चलाने के लिए दिल्ली प्रस्ताव भेज दिया गया है। 13 मार्च से शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन अमृतसर से दिल्ली के बीच चलाई जा रही है।