नेशनल गतका चैंपियनशिप में भाग लेंगी 14 राज्यों की गतका टीमें
गतके को ओलंपिक तक ले जाने के लिए नेशनल गतका एसोसिएशन ने तैयार किया रोड मैप
‘विजन डॉक्यूूमेंट-2030’ के तहत हर पांच वर्षों के बाद होगी प्राप्तियों की जांच
नेशनल गतका चैंपियनशिप में भाग लेंगी 14 राज्यों की गतका टीमें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। नेशनल गतका एसोसिएशन आफ इंडिया द्वारा इंटरनेशनल सिख मार्शल आर्ट अकादमी और वर्ल्ड गतका फेडरेशन के सहयोग से एतिहासिक जंगजू कला गतके को ओलंपिक खेल में शामिल कराने की योजना है, जिसके लिए नेशनल गतका एसोसिएशन ने 2030 तक ‘रोडमेप’ तैयार किया हुआ है और इस विजन डॉक्यूमेंट पर हर पांच वर्ष के बाद मूल्यांकन करके आगे बढ़ा जाएगा। यह बात नेशनल गतका एसोसिएशन के प्रधान हरजीत सिंह ग्रेवाल ने आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से कही।
ग्रेवाल ने कहा कि वर्ष 2030 तक तैयार किए इस विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार गतका खेल टूर्नामेंटों के प्रबंधों, मैनेजमेंट प्रणाली, रेफरी और जजमेंट के कामों सहित मौजूदा तकनीकी युग के स्तर के अनुसार कंप्यूटराइज्ड किया जाएगा और जल्द ही गतका खेल टूर्नामेंट में डिजिटल स्कोर बोर्ड को शामिल किया जाएगा। इससे टूर्नामेंट में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों की भी गतका खेल में रुचि बढ़ेगी। गतके का सिंथैटिक ग्राउंड भी तैयार किया जाएगा। इस विरासती कला को नेशनल स्कूल खेल और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी खेल में शामिल कराने के अलावा पंजाब सरकार से इसकी ग्रेडेशन भी कराई जा चुकी है। विरासती खेल गतका को देश विदेश में प्रफुल्लित करने के लिए समूह सामाजिक, धार्मिक और खेल प्रेमियों को न्योता देते हुए हरजीत सिंह ग्रेवाल ने खासकर नौजवानों और लड़कियों को कहा कि सभ्याचार के साथ जुड़ने और रक्षात्मक खेल होने के कारण वह गतका खेल को अपनाएं। यहां शुरू हो रही तीन दिवसीय नेशनल गतका चैंपियनशिप में 14 राज्यों से गतका पुरुष खिलाड़ी और महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं। इस चैंपियनशिप का उद्घाटन पंजाब के खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी करेंगे।
जिला खेल अधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि यह तीन दिवसीय 8वीं नेशनल गतका चैंपियनशिप इंटरनेशनल सिख मार्शल अकादमी, गतका एसोसिएशन पंजाब और जिला गतका एसोसिएशन फिरोजपुर के सहयोग से कराई जा रही है। इस मौके पर दूसरों के अलावा वाइस चेयरमैन अवतार सिंह पटियाला, नेशनल गतका एसोसिएशन के संयुक्त सचिव गुरमीत सिंह राजपुरा और बलजीत सिंह सैनी, जिला गतका एसोसिएशन फिरोजपुर के प्रधान हरबीर सिंह, जिला गतका एसोसिएशन फाजिल्का के प्रधान पंकज धमीजा उपस्थित थे।
फोटो संख्या-28एफजेडआरपी01
कैप्शन--गुरुहरसहाए (फिरोजपुर) में नेश्नल गतका एसोसिएशन के प्रधान हरजीत सिंह ग्रेवाल पत्रकारों के जानकारी देते हुए।