दो घंटे तक खंगाली जेल, कुछ नहीं मिला
सेशन जज, डीसी और एसएसपी ने चलाया चेकिंग अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। डिप्टी कमिश्नर कुमार सौरभ राज, जिला व सेशन जज हरपाल सिंह व एसएसपी राजबचन सिंह संधू की निगरानी में मंगलवार को केंद्रीय मॉडर्न जेल में सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक जिला पुलिस की 100 कर्मियों समेत जेल प्रशासन की टीमों द्वारा जेल की तमाम बैरकों समेत कैदियों व हवालातियों के सामान को खंगाला गया। इस दौरान टीमों को जेल से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ।
केंद्रीय मॉडर्न जेल में अक्सर ही कैदियों व हवालातियों की ओर से मोबाइल फोन का प्रयोग किए जाने के मामले सामने आते रहते है और यहां बंद कैदी फोन के माध्यम से फिरौती मांगने व धमकियां देने की घटनाएं भी सामने आती रहती है। इन घटनाओं का संज्ञान लेते हुए डीसी कुमार सौरभ राज ने जिला व सेशन जज हरपाल और एसएसपी राजबचन सिंह संधू को साथ लेते हुए मंगलवार को जेल की चेकिंग कराई।
एसएसपी राजबचन सिंह संधू का कहना है कि यह रूटीन चेकिंग थी. जिसे भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जेल परिसर में सीसीटीवी कैमरों का बेहद अभाव है और पुलिस ने जेल प्रशासन से कैदियों व हवालातियों की निगरानी के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया है। मालूम होकि हाल ही में फरीदकोट जेल के एक कैदी ने सरदूलगढ़ (मानसा) के एक व्यापारी को फोन करते हुए उनसे तीन लाख की चौथ मांगी थी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उक्त कैदी से फोन बरामद किया था।