हुसैनीवाला बार्डर पर धूमधाम से मनाया बैसाखी मेला
लोगों की सुविधा के लिए हुसैनीवाला बार्डर तक बसें व ट्रेनें चलाईं
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर स्थित शहीदी स्मारक पर शनिवार को बैसाखी मेला धूमधाम से मनाया गया। सैकड़ों की संख्या में लोग मेले में पहुंचे। लोगों के नहाने के लिए शहीदी स्मारक पर बने तालाब में प्रबंध किया गया। लोगों ने शहीदों की समाधि पर माथा टेका और श्रद्धांजलि दी। कई जगहों पर अटूट लंगर लगाया गया।
मेले में लोगों की सुविधा के लिए रोडवेज ने बसें और रेल प्रशासन ने ट्रेन हुसैनीवाला बार्डर तक चलाई थी। लोग सुबह से ही मेले में शामिल होने के लिए हुसैनीवाला बार्डर पहुंच रहे थे। बहुत से लोग अपने खानपान का सामान घर से ही अपने साथ लेकर पहुंचे। गांव बारेके से ही जलेबी, पकोड़े, गन्ने का जूस, टीकी-समोसे के अलावा अन्य स्टाल हुसैनीवाला बार्डर तक लगे थे। जिला प्रशासन ने भी लोगों के पानी पीने व सेहत सुविधा का प्रबंध किया था। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात थी।
कई साल पहले सतलुज दरिया में नहाते समय एक-दो लोग पाकिस्तान की तरह बह कर चले गए थे, जो आज भी भारत नहीं लौटे हैं और पाक जेल में बंद हैं, ऐसी घटनाओं के कारण अब सतलुज दरिया में लोगों के नहाने पर पाबंदी लगा है। इसीलिए लोग शहीदी स्मारक पर बने तालाब में नहा रहे थे। उधर, एसडीएम हरजीत सिंह संधू ने कहा कि मेले में लोगों की सुविधा के प्रत्येक प्रबंध किए हैं। कंट्रोल रूम स्थापित किया है ताकि लोगों को प्रत्येक जानकारी दी जा सके।