दोधियों ने मुख्य मार्ग जाम कर दिया धरना
किसान जत्थेबंदियों ने दोधियों को रोक दूध अपने कब्जे में लिया
किसानों ने सब्जियां, पशुओं का हरा चारा भी शहरनहीं आने दिया
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। किसान यूनियनों ने तीसरे दिन भी सुबह मंडी के समक्ष एकत्रित होकर चारे की ट्रालियों व सब्जियों को रोका। साथ ही गांवों से शहर दूध ला रहे दोधियों को रोकर दूध कब्जे में लिया गया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोधी यूनियन ने मुख्य मार्ग को जाम करके रोष धरना दिया। माहौल बिगड़ता देख थाना सिटी प्रभारी लवमीत कौर व डीएसपी अमरजीत सिंह सिद्धू मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोधी यूनियन को आश्वासन दिया कि उन्हें दूध लाने से नहीं रोका जाएगा और इसके बाद यूनियन ने अपना धरना बंद किया। इससे पहले किसान नेताओं ने बताया उन्होंने मंडी में सब्जियों न लाने और दूध न बेचने के लिए कहा है। डेयरी यूनियन ने किसानों से कहा था कि दूधवाला शहर में दूध नहीं लाएगा। इसके बावजूद शहर में दूध लाया गया। इस पर किसान जत्थेबंदी ने दूध को अपने कब्जे में लिया। इसके साथ ही चारे की ट्रालियां और सब्जियों को भी कब्जे लिया गया। दोधी व डेयरी यूनियन के प्रधान रजिन्दर परूथी ने कहा कि थाना प्रमुख के साथ बैठ कर फैसला हुआ था कि कोई दूधवाला अपने घर या रिश्तेदारों के लिए 5-7 किलो दूध ला सकता है। किसान जत्थेबंदी की तरफ से दूधवालों को रास्ते में रोका गया और उनका 4-4 किलो दूध गिरा दिया गया। इसके विरोध में उन्होंने रोष धरना दिया। डीएसपी अमरजीत सिंह सिद्धू ने कहा कि किसी को माहौल बिगाडऩे की इजाजत नहीं दी जाएगी। किसानों को दूध की आमद रोकनी है तो वह गांवों में पशु पालकों को दूध न बेचने के लिए कहें। माहौल खराब करने की कोशिश की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।