मीट की दुकानें बंद करवाने शिवसेना आई सामने
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शिवसेना बाल ठाकरे की सोमवार को एक बैठक भार्गव नगर में जिला प्रभारी दीपक शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मॉडल हाउस रोड स्थित प्राचीन माता रानी मंदिर के पास खुली मीट की दुकानों को बंद करवाने संबंधी विचार साझा किए गए। उन्होंने कहा कि मंदिर के पास खुली इन मीट की दुकानों से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है। इन दुकानों को बंद करवाने के लिए कई बार प्रशासन को शिकायत की गई लेकिन मीट की दुकानें बंद नहीं करवाई गई। अब भी वहां पर मीट बेचा जा रहा है जिसको लेकर लोगों में रोष है।
जिला प्रभारी दीपक शर्मा ने कहा कि मंदिर के आसपास खुलेआम चल रही मीट की दुकानों को शिवसेना बंद करवाकर ही रहेगी। यह लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने 15 दिन के अंदर मीट की दुकानें बंद ना करवाई तो शिव सेना बाल ठाकरे कड़ा एक्शन लेगी। जरूरत पड़ी तो शिव सैनिक भूख हड़ताल कर प्रदर्शन करेंगे। बैठक के दौरान सिटी प्रधान मुकेश सियाल, उप प्रधान अमित जट्ट, नवी तलवार, वार्ड अध्यक्ष राकेश कुमार, मनीष भगत, सुनील कुमार सनी, सरबजीत कौर, सुरजीत कुमारी, जनक दुलारी, सीमा भगत, रीटा रानी मौजूद थे।