टिप्पर की चपेट में आए बाइक सवार पिता-पुत्री, बेटी की मौत
बेटी को होस्टल में छोड़ने जा रहे थे पिता, घसीटता ले गया था टिप्पर
जालंधर-कपूरथला रोड पर राज नगर के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। जालंधर-कपूरथला रोड पर राज नगर के पास तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक पर जा रहे बाप-बेटी को चपेट में ले लिया। हादसे में कॉलेज में पढ़ने वाली लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। पिता घायल हो गए। लड़की की पहचान नवनीत कौर पुत्री हरजीत सिंह निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई हैं। पुलिस ने आरोपी टिप्पर ड्राइवर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक लड़की के पिता हरजीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी नवनीत कौर जालंधर के केएमवी कॉलेज में प्लस टू की छात्रा थी और कॉलेज होस्टल में ही रहती थी। गर्मियों की छुट्टियां होने के कारण वह घर मिलने आई थी। उसे सोमवार को कॉलेज के होस्टल में छोड़ने के लिए वह अपनी बाइक पर लेकर जा रहे थे। जैसे ही बस्ती बावा खेल राज नगर के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण नवनीत गिर गई और टिप्पर के नीचे आ गई। टिप्पर काफी दूर तक उसे घसीटता ले गया। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान टिप्पर चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया था लेकिन लोगों ने उसे स्पोर्ट्स कॉलेज के पास से काबू कर लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक शिव विलास निवासी मंड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।