पठानकोट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
डमटाल की पहाड़ियों पर मंगलवार को बंदरों द्वारा ट्रैक की मेनलाइन को नुकसान पहुंचाने के कारण जालंधर-पठानकोट रेल सेक्शन करीब सवा घंटा तक जाम हो गया। इसके चलते पठानकोट से सांबा और विजयपुर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह नौ बजे से बाधित रेल सेक्शन सवा दस बजे बहाल हो पाया।
जानकारी के अनुसार सुबह 9 बजे डमटाल की पहाड़ी पर बैठे बंदरों ने मेन लाइन को हिला दिया, जिसके बाद वह टूट गई। तार टूटने के कारण झेलम एक्सप्रेस सहित करीब छह ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। झेलम एक्सप्रेस को करीब सवा घंटा तक मीरथल स्टेशन पर रोका गया। ट्रेन के ड्राइवर ने तुरंत मीरथल रेलवे स्टेशन के अधीक्षक को सूचित किया। झेलम के रुकने के कारण पीछे से आ रही बेगमपुरा एक्सप्रेस को मुकेरियां, आनंद-बिहार जम्मूतवी को दसूहा और ऊधपमुर स्पेशल को भोगपुर में रोक दिया गया।
पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि सुबह डमटाल की पहाड़ियों पर बंदरों ने मेन लाइन को नुकसान पहुंचाया था जिस कारण सुबह नौ बजे से लेकर सवा दस बजे तक रेल सेक्शन बाधित रहा। इसके कारण लंबी दूरी की चार ट्रेनें लेट हो गई।