गुरदासपुर: हथियार पकड़ सोशल मीडिया पर फोटो डालने वाले पांच पर केस दर्ज
गुरदासपुर पुलिस ने हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो डालकर गन कल्चर को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत ऐसे पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
थाना सिटी के एएसआई बनारसी दास पुलिस पार्टी के साथ जहाज चौक में मौजूद थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक के हाथ में हथियार पकड़कर फोटो वायरल होने का पता चला। आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र हंस राज निवासी अंबेडकर नगर के तौर पर हुई। इसी तरह एएसआई अमरीक सिंह गश्त के दौरान काहनूवान चौक पर मौजूद थे। इस दौरान एक युवक के हथियारों के साथ फोटो वायरल हुए, जिससे लोगों के मन में भय का माहौल पैदा हो गया। आरोपी की पहचान बंसा पुत्र सुक्खा मसीह निवासी धारीवाल खिच्चियां के तौर पर हुई।
उधर, थाना तिब्बड़ के एएसआई भूपिंदर सिंह गश्त के दौरान नहर बब्बेहाली पुल पर मौजूद थे। इस दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक का फोटो हथियारों के साथ वायरल हुआ। आरोपी की पहचान दानी मसीह पुत्र कश्मीर मसीह निवासी तिब्बड़ के तौर पर हुई।
उधर, थाना दीनानगर के एएसआई बलदेव सिंह गश्त के दौरान लाइट वाला चौक में मौजूद थे। इस दौरान आरोपी राजबीर उर्फ बिल्ला पुत्र तिलकराज निवासी झंडेचक्क की फोटो सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ वायरल हुई, जिससे लोगों के मन में भय का माहौल पैदा हो गया। इसी तरह एएसआई रूपिंदर सिंह लाइट वाला चौक में गश्त के दौरान मौजूद थे। इस बीच पता चला कि एक युवक की गन हाथ में पकड़कर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। आरोपी की पहचान बचित्र सिंह उर्फ बिक्का पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी अजीत नगर कॉलोनी के तौर पर हुई। पांचों आरोपियों ने ऐसा कर डीसी के आदेशों का उल्लंघन किया, सभी पर मामला दर्ज हो गया।