पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने वाली एक महिला के मार्केट इंस्पेक्टर पति की कथित चुनावी रंजिश के चलते गांव के ही छह लोगों ने हत्या कर दी। वारदात के वक्त वह अपने बेटे के साथ धान लेकर मंडी में बेचने के लिए गया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव मानकढेरी निवासी और मार्केट कमेटी भोगपुर के इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह की पत्नी बलविंदर कौर पंचायत चुनाव में सरपंच पद की उम्मीदवार थीं।
उनके बेटे हरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव के सोहन सिंह और उसके बेटे जतिंदर ने उसकी मां को चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दी थीं, लेकिन वह पीछे नहीं हटी थीं। इसके बाद से वह उनसे रंजिश रख रहे थे।
22 अक्टूबर को वह अपने पिता कुलविंदर सिंह के साथ मानकढेरी मंडी में धान बेचने गए थे।
शाम पांच बजे के करीब सोहन सिंह, उसके बेटा जतिंदर सिंह, बरून, रत्न, उसके बेटा अनमोल रत्न, गुरकीरत और कालू ने उन पर हथियारों से कई वार किया और मौके से फरार हो गए।
इस वार से गंभीर रूप से घायल कुलविंदर को जालंधर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां वीरवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हरप्रीत के बयान पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।