जालंधर-फगवाड़ा बाईपास पर रविवार को हुए हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में एक बच्ची गंभीर रुप में जख्मी हो गई।
जानकारी के अनुसार जालंधर-फगवाड़ा बाईपास पर जैम्स कैंब्रिज स्कूल के पास इटिओज कार नंबर एच.पी 14 ए 5921 और स्कूटर पी.बी 07 डी 0132 की आमने सामने टक्कर हो गई।
हादसे में स्कूटर सवार परमजीत सिंह निवासी पालदी, उसकी पत्नी कमलजीत कौर और बेटे हर्ष (6) की मौके पर ही मौत हो गई जब कि बेटी वैशाली गंभीर रुप में जख्मी हो गई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परमजीत सिंह कुछ दिन पहले ही दुबई से 2 साल बाद घर वापस आया था। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कार ड्राइवर और उसका साथी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क के दोनों किनारों पर आग लगाई हुई थी।
फायरब्रिगेड के कर्मचारी योगेश कुमार, ललित कुमार ने पहुंच कर लगी आग पर काबू पाया। घटना का पता लगते ही थाना माडल टाउन के एसएचओ तलविंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।