रामपुरा फूल के एक निजी स्कूल के चार छात्र शुक्रवार सुबह से लापता हैं। शनिवार देर शाम तक उन चारों छात्रों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
बच्चों के अभिभावकों और अन्य लोगों ने स्कूल पहुंचकर पुलिस और प्रशासन से बच्चों की तलाश जल्द करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार स्थानीय जय तुलसी अनुव्रत पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले चार छात्र जसप्रीत सिंह सुपुत्र भूरा सिंह, अरुण कुमार सुपुत्र रमेश कुमार, सोना राम सुपुत्र बलवंत राय तीनों रामपुरा फूल के निवासी एवं ढपाली गांव में रहने वाले रमनीक सिंह सुपुत्र बलवंत सिंह शुक्रवार को घर से स्कूल में पढ़ने आए थे।
चारों बच्चे शाम को घर वापस नहीं पहुंचे। अभिभावकों और समाज सेवी संस्थाओं के सदस्यों ने पुलिस की मदद से उनकी तलाश शुरू की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह भारी संख्या में अभिभावक और अन्य लोग स्कूल के समक्ष एकत्र हुए। बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण पूरे शहर में दहशत का माहौल है। उधर स्कूल के प्रिंसिपल का कहना है कि ये बच्चे शुक्रवार को स्कूल नहीं पहुंचे थे।
थाना प्रभारी सुरेंद्र बांसल ने बताया कि बच्चों की गुमशुदगी के संबंध में पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस ने बच्चों की तलाश में जोर शोर से अभियान चलाया है।